मौसम: मौसम विभाग के मुताबिक, रात में तापमान घटने और पछुआ हवाओं की वजह से अगले कुछ दिनों में यूपी-दिल्ली में कंपकपाने वाली सर्दी पड़ेगी। साथ ही,अगले दो दिन आठ राज्यों में कोहरा भी अपना असर दिखाएगा। जम्मू-कश्मीर में पारा लगातार शून्य से नीचे बने रहने और अन्य पहाड़ी राज्यों में हिमपात के चलते उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में आने लगा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प. बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 11-12 दिसंबर को घना कोहरा छाने का अनुमान है। इधर, दिल्ली में 12 साल बाद 10 दिसंबर सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले, 2011 में 10 दिसंबर को दिल्ली का अधिकतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को दिन में तापमान 23.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में 20 दिसंबर के बाद से दिन में ठिठुरन महसूस हो सकती है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आठ से 18 किमी की गति से ठंडी हवाएं चलीं। एनसीआर में अधिकतम तापमान गुरुग्राम में सबसे कम 21.8 डिग्री दर्ज किया गया।
यूपी में पारे में तीन से पांच डिग्री की गिरावट के साथ सर्दी के तेवर तीखे होने लगे हैं। बरेेली में रात का पारा 7 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मुजफ्फरनगर में पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले 48 घंटे में पारे में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। 15 और 16 दिसंबर को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
