शीतकालीन सत्र 2021: सत्र के पहले दिन आज दो नए सदस्यों के शपथग्रहण और आठ दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद लोकसभा में कृषि कानूनों की वापसी के लिए बिल पेश किया गया। शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार करीब 30 विधेयक पेश किया गया जिनमें बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक 2021, आर्थिक एवं अन्य सुधार संबंधी विधेयकों में बिजली संशोधन विधेयक 2021,पेंशन सुधार संबंधी पीएफआरडीए संशोधन विधेयक, दिवाला एवं शोधन अक्षमता दूसरा संशोधन विधेयक 2021, ऊर्जा संरक्षण संशोधन विधेयक 2021 शामिल हैं।
लोकसभा में विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सोमवार को कृषि कानून निरसन विधेयक 2021 पेश किया और कुछ देर बाद ही इसे पास कर दिया गया। वहीं विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
दोनों सदनों से कृषि कानून वापसी बिल पास होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि पहले हमने कहा था कि सरकार को कृषि कानूनों को वापस लेना होगा और आज इन कानूनों को निरस्त कर दिया गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिना चर्चा के कृषि कानूनों को निरस्त कर दिया गया। यह सरकार चर्चा करने से डरती है। विपक्ष के हंगामा के चलते लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
