यूपी चुनाव 2022: 22 नवंबर को लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी की कोर कमेटी की बैठक लेंगे। नड्डा गोरखपुर में बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल होने के बाद शाम को लखनऊ आएंगे।
लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा और महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
विधानसभा चुनाव 2022 में विजय के संकल्प के साथ भाजपा की ओर से दिसंबर में यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का समापन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर लखनऊ में करना प्रस्तावित है।
पश्चिमी यूपी, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र से शुरू होने वाली चार यात्राओं के जरिये भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियां और विधानसभा चुनाव 2017 के लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए हुए वादों को पूरा करने का हिसाब लेकर सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी। दिसंबर के पहले सप्ताह से यात्राएं शुरू कराने की योजना है।
