सिक्किम: सिक्किम में सोमगो झील और नाथूला बॉर्डर को राजधानी गंगटोक से जोड़ने वाली सड़क का नाम पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है। इस नई बनी सड़क का आधिकारिक उद्घाटन राज्यपाल गंगा प्रसाद ने किया है।
नाथूला बॉर्डर को राजधानी गंगटोक से जोड़ने वाले पुराने रूट का नाम पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम पर रखा गया है। अधिकारियों ने कहा कि करीब 19.51 किलोमीटर लंबा रोड एक साल से यात्रियों के लिए चालू है, लेकिन अब गवर्नर की ओर से इसका आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया गया है। सिक्किम के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डीबी चौहान ने सड़क के उद्घाटन के बारे में जानकारी दी।
इस सड़क का उद्घाटन कयोंगासला ग्राम पंचायत में किया गया है। चांगू लेक को जोड़ने वाले इस दूसरे सड़क का नाम पीएम नरेंद्र मोदी पर रखा गया है। 20 दिसंबर को इस नए मार्ग का नाम पीएम नरेंद्र मोदी पर रखे जाने का प्रस्ताव ग्राम सभा में रखा गया था। इसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया। इस सड़क का निर्माण सीमा सड़क संगठन यानी बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन की ओर से किया गया है।
