यूपी: लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी के खाली 6 पदों पर भाजपा के 5 व सपा के एक प्रत्याशी को चुना गया निर्विरोध

लखनऊ: लखनऊ नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी के 6 खाली पदों के लिए नए सदस्यों का चुनाव हुआ। बीते एक माह से खाली चल रहे 6 पदों के लिए भाजपा की ओर से 5 व समाजवादी पार्टी की ओर से 1 पद पर दावेदारी की गई थी। फिलहाल लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी के खाली छह पदों पर भाजपा के पांच और सपा के एक प्रत्याशी को निर्विरोध चुन लिया गया।

नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी के छह सदस्य 14 जून को लाटरी डालकर रिटायर किए गए थे। उन्हीं रिक्त पदों पर चुनाव हुआ। जो छह सदस्य रिटायर हुए थे, उनमें भाजपा के पांच और सपा का एक सदस्य शामिल था। उसी हिसाब से दोनों दलों ने प्रत्याशी तय किए हैं, ताकि क्रॉस वोटिंग और चुनाव की नौबत न आए।

भाजपा के चुने गए सदस्यों में बाबू जगजीवन राम वार्ड के पार्षद भृगुनाथ शुक्ला, कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड की गौरी सांवरिया, मोती लाल नेहरू चंद्रभानु गुप्त वार्ड की चरनजीत गांधी, बाजार कालीजी चौक के अनुराग मिश्रा अन्नू और खरिका प्रथम वार्ड के कृष्ण कुमार का नाम शामिल हैं। वहीं, सपा की अंबरगंज वार्ड की पार्षद सबा अहसन को चुना गया है।

चुनाव को लेकर भाजपा ने पांच और सपा ने एक प्रत्याशी का नाम तय किया था। कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। बसपा से भी एक भी प्रत्याशी नहीं उतारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *