आगरा: ताजनगरी के लोगों की सांसों पर संकट बरकरार है। दिवाली बाद से आगरा की हवा बेहद खराब और गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। गुरुवार को आगरा देश का चौथा प्रदूषित शहर रहा, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बढ़कर 437 हो गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी की गई सूची में गाजियाबाद देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जबकि वृंदावन दूसरा, बुलंदशहर तीसरा और आगरा व बागपत चौथे प्रदूषित शहर रहे। देश में प्रदूषित शहरों की टॉप 10 सूची में उत्तर प्रदेश के सात शहर शामिल रहे, जबकि तीन शहर हरियाणा के हैं। ताजनगरी के 22 लाख लोग सप्ताह भर से भारी प्रदूषण का सामना कर रहे हैं।
सीपीसीबी आगरा लैब के प्रभारी कमल कुमार ने कहा कि मौसमी कारणों के साथ स्थानीय कारण भी प्रदूषण के जिम्मेदार हैं। लगातार कचरा जलाने, ट्रैफिक जाम, धूल उड़ने, खोदाई में निकली मिट्टी न उठाने के कारण हालात भयावह हो रहे हैं। इन पर तत्काल रोग लगनी चाहिए।
ये देश के प्रदूषित शहर
जगह – एक्यूआई
गाजियाबाद – 461
वृंदावन – 458
बुलंद शहर – 447
आगरा/बागपत – 437
नोएडा – 434
बल्लभगढ़ – 431
हापुड़ – 427
हिसार – 422
फिरोजाबाद – 415
फरीदाबाद – 412