





महराजगंज पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री सोमेंद्र मीना के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पराली जलाने की रोकथाम के लिए व्यापक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने ग्रामीण इलाकों में जाकर हजारों किसानों को पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, स्वास्थ्य जोखिम और वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
थाना प्रभारी व बीट पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचीं और किसानों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्हें पराली न जलाने के विकल्पों जैसे कम्पोस्ट खाद, बायोगैस उत्पादन, मशरूम खेती, हैप्पी सीडर जैसी आधुनिक मशीनो के उपयोग के बारे में उपयोगी जानकारी दी गई। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पराली प्रबंधन के लिए दी जा रही सब्सिडी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई गई।
अभियान के दौरान जागरूकता के साथ-साथ सख्ती भी बरती गई। पराली जलाने के मामलों में प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से अधिक किसानों को जागरूक करना है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित हो सके।”
महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को आने वाले दिनों में और अधिक प्रभावी रूप से जारी रखा जाएगा।