दिल्ली: 18 जुलाई को देश के सर्वोच्च पद यानी राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को वोटिंग है। राष्ट्रपति चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी गतिविधियां भी बढ़ती जा रही हैं। राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। द्रौपदी मुर्मू को बीजद, वाईएसआर कांग्रेस, बसपा, टीडीपी, जदएस, शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना और झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसे विपक्षी दलों के समर्थन के एलान से माना जा रहा है कि उन्हें 61 फीसदी मत मिल सकते हैं।
इस बीच राष्ट्रपति चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने विपक्षी दल समर्थित उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन करने का एलान किया है। आप सांसद व विधायक 18 जुलाई को यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान करेंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में यह फैसला लिया गया।
आप ने भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का भी सम्मान करने की बात कही है। अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पीएसी की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। पीएसी ने सर्वसम्मति से यशवंत सिन्हा को समर्थन देने का फैसला लिया गया।
