महराजगंज: सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में महराजगंज पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ के तहत विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई।
थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के परतावल चौराहे पर यातायात पुलिस और क्रिटिकल कॉरिडोर टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन की मदद से वाहन चालकों की जांच की गई, ताकि नशे में ड्राइविंग करने वालों की पहचान की जा सके।
चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 3 वाहनों का चालान किया गया और कुल 30,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, एक वाहन को सीज भी किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के साथ-साथ शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।



