कोरोना वायरस: देश में कोरोना वायरस का खतरा इंसानों के बाद अब जानवरों के लिए भी कम होगा। इसको लेकर भारत में वैक्सीन लॉन्च हो गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने जानवरों के लिए विकसित किए गए देश के पहले कोविड टीके Anocovax को लॉन्च किया है।कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच देश में अब जानवरों का भी टीकाकरण किया जा सकता है।
हरियाणा के आइसीएआर-नेशनल रिसर्च सेंटर आन इक्विंस (एनआरसी) ने देश का पहला टीका तैयार किया है जो कोरोना के डेल्टा और ओमिक्रॉन जैसे घातक वैरिएंट से भी जानवरों की सुरक्षा कर सकता है। वैज्ञानिकों ने एक जांच किट भी तैयार की है, जिससे श्वान में कोरोना का पता लगा सकते हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से टीका और जांच किट को लॉन्च किया। वैज्ञानिकों ने बताया कि कोरोना वायरस के डेल्टा वैरिएंट को आइसोलेट कर एनोकोवैक्स नामक टीका तैयार किया है। शुरुआत में इसका इस्तेमाल श्वान, शेर, तेंदुआ, चूहा, खरगोश पर किया जा सकता है।
टीके के अलावा श्वान में कोरोना वायरस के खिलाफ विकसित एंटीबॉडी का पता लगाने के लिए एक जांच किट भी लॉन्च की गई। अभी तक बाजार में इस तरह की कोई किट उपलब्ध नहीं है। यह किट विशिष्ट न्यूक्लियो कैप्सिड प्रोटीन आधारित तकनीक पर तैयार की है। किट की खोज व उत्पादन भारत में हुआ है। इसे कैन कोव-2 एलाइजा किट नाम दिया है।