अफगानिस्तान: अफगानिस्तान की सत्ता कब्जाने के बाद तालिबानी सरकार ने एक और नया तुगलकी फरमान जारी किया है l नए ‘धार्मिक दिशानिर्देश’ जारी करते हुए तालिबान ने देश से जाने वाली उड़ानों में महिलाओं के अकेले सफर करने पर रोक लगा दी है।
अफगानिस्तान की सत्ता कब्जाने के बाद महिला विरोधी रुख के लिए कुख्यात तालिबान शासकों ने दर्जनों महिलाओं को फ्लाइट पकड़ने से रोक दिया। क्योंकि उनके साथ कोई भी पुरुष अभिभावक मौजूद नहीं था। इन महिलाओं में कुछ विदेशी भी शामिल हैं, जो अपने घर वापस जा रही थीं।
अफगान एयरलाइंस के दो अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि शुक्रवार को काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची दर्जनों महिलाओं को बताया गया कि पुरुष संरक्षक के बिना वे हवाई यात्रा नहीं कर सकतीं। इनमें से कई महिलाओं के पास दोहरी नागरिकता है और वे कनाडा समेत विदेश स्थित अपने घर लौट रही थीं।
कैम एयर और अफगान स्वामित्व वाली एरियाना एयरलाइंस में अकेली महिलाओं को इस्लामाबाद, दुबई और तुर्की आदि जाने की अनुमति नहीं मिली। एक अधिकारी ने बताया कि हुक्म तालिबान नेतृत्व से आया है। पश्चिमी हेरात प्रांत में काफी जद्दोजहद के बाद कुछ महिलाओं को एरियाना एयरलाइंस की उड़ान में बैठने की अनुमति मिली, लेकिन तब तक विमान रवाना हो चुका था। इस मुद्दे पर एयरपोर्ट अध्यक्ष और पुलिस प्रमुख (दोनों इस्लामी विद्वान) की एयरलाइन अधिकारियों के साथ बैठक होगी।
