त्रिपुरा: रविवार को माणिक साहा ने त्रिपुरा के नए सीएम के तौर पर शपथ ली थी। वह राज्य के 11वें मुख्यमंत्री बने हैं। उन्हें बिप्लव देव के इस्तीफे का बाद भाजपा ने यह जिम्मेदारी सौंपी है। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने शपथ समारोह में साहा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। माणिक साहा के मुख्यमंत्री बनने के बाद त्रिपुरा के 11 विधायकों ने सोमवार को मंत्री पद की शपथ ली।
राजभवन में हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के नौ और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के दो विधायकों ने त्रिपुरा के कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ली। राजभवन में हुए इस कार्यक्रम में राज्यपाल एसएन आर्य ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री माणिक साहा, पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब भी मौजूद रहे।
जिन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है उनमें भाजपा के जिष्णु देव वर्मा, रतनलाल नाथ, प्रणजीत सिंह रॉय, मनोज कांति देब, संताना चकमा, राम प्रसाद पॉल, भगवान दास, सुशांत चौधरी, रामपाड़ा जमातिया और इंडीजिनियस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के एनसी देब बर्मा और प्रेम कुमार रियांग शामिल हैं. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री माणिक साहा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और प्रतिमा भौमिक तथा पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब मौजूद रहे l
