राजनीति: सपा के गढ़ की महत्वपूर्ण लोकसभा सीट कन्नौज से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज दोपहर 12 बजे अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चार सेट में अपना पत्र दायर किया है। इस दौरान उनके साथ प्रो. रामगोपाल यादव, सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान, पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे और पार्टी के प्रदेश सचिव आकाश शाक्य प्रस्तावक के रूप में मौजूद हैं। उनके नामांकन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चौथे चरण के लिए 13 मई को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है।
बता दें कि कन्नौज लोकसभा चुनाव के लिए सपा उम्मीदवारी को लेकर मचा सस्पेंस एक दिन पहले तक जारी था। बुधवार की शाम यह तय हुआ था कि यहां से सपा के उम्मीदवार अखिलेश यादव ही होंगे। उनके पहले यहां से तेज प्रताप यादव को उम्मीदवकर बनाया गया था।
इधर समाजवादी पार्टी में बार-बार टिकट बदलने पर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने तंज कसा है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की कन्नौज से उम्मीदवारी पर रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि देखिए, इंतजार कीजिए। हो सकता है कि अगले दिन कोई और उम्मीदवार बन जाए।
अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि सच तो ये है कि मैं उत्तर प्रदेश में विपक्ष को जीतते नहीं देख रहा हूं। ये (भारत गठबंधन) वाकई फ्लॉप हो रहा है। इनमें अंदरूनी कलह बहुत है, राज्यों में ये आपस में ही लड़ रहे हैं, इसलिए जब ये चुनाव से पहले लड़ रहे हैं तो चुनाव के बाद इनका अस्तित्व क्या होगा।
बता दें कि कन्नौज सीट पर सपा व भाजपा दोनों ही दलों के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। सपा में स्वयं अखिलेश यादव पर ही इस सीट को लेकर जिम्मेदारी है। इसी तरह भाजपा में सांसद सुब्रत समाज कल्याण मंत्री की प्रतिष्ठा लगी है।
