लोकसभा चुनाव: आज देशभर में 13 राज्यों की 88 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दुनिया में लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव के दूसरे चरण में शुक्रवार को यूपी की आठ सीटों पर मतदान शुरु हो गया है। प्रदेश में अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे। इस बार 91 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 10 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
दूसरे चरण में शुक्रवार को भाजपा की ओर से हेमा मालिनी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजीव चंद्रशेखर, अभिनेता से नेता बने अरुण गोविल, सांसद तेजस्वी सूर्या, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल, शशि थरूर, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी बड़े चेहरे हैं जिनकी किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे।
यूपी में आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की आठ सीटों पर मतदान हो रहा है। वहीं, सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार अभियान 48 घंटे पहले थम गया था। चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के लिए विशेष तैयारियां की हैं। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पिक एंड ड्रॉप सुविधा दी जाएगी।