वृंदावन: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को वृंदावन पहुंचे। उन्होंने यहां रंगजी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन किए। पत्रकारों से बात करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांके बिहारी मंदिर में हुए हादसे को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा, उन्होंने इस हादसे को बीजेपी सरकार के माथे पर कलंक बताया l उन्होंने ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में हुए हादसे के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में भी जन्माष्टमी हुई है, तब ऐसे हादसे नहीं हुए। भाजपा सरकार में यह हादसा हुआ है, इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर की प्राचीनता को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य करने चाहिए। कॉरिडोर पर कहा कि यहां के लोगों की राय से कॉरिडोर बनना चाहिए।
सपा प्रमुख ने ब्रज में हो रहे विकास को विनाश बताया। कहा कि हमारी सरकार ने आम आदमी की सुविधा का ध्यान रखते हुए विकास कराए थे, लेकिन भाजपा लोगों को कष्ट देकर विकास कार्य करा रही है। भाजपा सरकार ने असंख्य लोगों बेरोजगार कर दिया है।