India

यूपी: भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों ने झोंकी ताकत, प्रियंका चंदौली में करेंगी यात्रा का स्वागत

वाराणसी: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा 16 फरवरी यानी आज चंदौली के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। चंदौली जिले के नौबतपुर में इस यात्रा का प्रवेश होगा। कांग्रेस नेताओं ने चंदौली, वाराणसी और भदोही में तैयारियों को अंतिम रूप दिया और देर रात तक जनसंपर्क अभियान भी चलता रहा।

शुक्रवार को प्रियंका गांधी भी बनारस पहुंचेंगी और एयरपोर्ट से सीधे न्याय यात्रा के स्वागत के लिए चंदौली रवाना हो जाएंगी। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि बनारस की यात्रा में जनता की भीड़ दो से ढाई लाख के बीच रहेगी। बनारस में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शहर से लेकर गांव तक कांग्रेस नेता जनसंपर्क करके आम जनता को इस न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि इंडिया गठबंधन से सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य बनारस में यात्रा में शामिल होंगे। बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद राहुल गांधी गोदौलिया चौराहे पर जनता को संबोधित भी करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। इस यात्रा से प्रदेश की राजनीति को नया मोड़ मिलेगा।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा चंदौली से वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, प्रतापगढ़ होते हुए 19 फरवरी को अमेठी पहुंचेगी। यहां से रायबरेली होते हुए 20 को लखनऊ आएगी। 21 फरवरी को लखनऊ से होते हुए उन्नाव और कानपुर के रास्ते 22 को झांसी पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न वर्ग के लोगों से राहुल गांधी संवाद करेंगे, कई स्थानों पर जनसभाएं भी होंगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top