भारत जोड़ो न्याय यात्रा: राहुल गांधी के अगुवाई में निकाली जा रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को गुवाहाटी में प्रवेश करने से रोक दिया गया, इसके बाद गुवाहाटी में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बैरिकेड तोड़ दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान नारे भी लगाए। कांग्रेस समर्थकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
दरअसल कांग्रेस नेता यात्रा को शहर के भीतर से निकालना चाहते थे, लेकिन सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए और उनकी पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा को रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘हमने बैरिकेड तोड़ दिए हैं, लेकिन हम कानून नहीं तोड़ेंगे।’ राहुल गांधी ने कहा ‘हमें कमजोर मत समझना। हमने बैरिकेड तोड़ दिए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से नहीं डरते।’ पार्टी कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी ने ‘बब्बर शेर’ बताया और बोले कि ‘उन्होंने यूनिवर्सिटी में मेरा कार्यक्रम कैंसिल कर दिया, लेकिन छात्रों ने यूनिवर्सिटी के बाहर मेरी बात सुनी। हम असम में भाजपा को हराएंगे और जल्द ही कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
राहुल गांधी ने पुलिस की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि पुलिस सिर्फ उन्हें मिले आदेशों का पालन कर रही है। हम आपके खिलाफ नहीं हैं। हम सीएम के खिलाफ हैं, जो भ्रष्ट हैं, हमारी लड़ाई उनसे है।’
दरअसल सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा था कि सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यात्रा को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ता शहर में दाखिल होने के लिए अड़ गए। जिसके चलते खानापारा में गुवाहाटी चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई। अब यात्रा गुवाहाटी के बाहर इलाके से होकर गुजरेगी। असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार तक रहेगी। असम सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने पर एफआईआर करने का निर्देश दिया है।