अयोध्या: देशभर में 17 अप्रैल 2024 को रामनवमी मनाई जाएगी। रामनवमी के मौके पर पूरे देश में जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं और इसी के साथ नवरात्रि का समापन भी हो जाएगा। इस बार की रामनवमी बेहद खास है। क्योंकि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार प्रभु श्रीराम के जन्म स्थान अयोध्या में बने भव्य महल में राम नवमी मनाई जाएगी। राम नवमी के दिन उत्सव मनाने के लिए राम नगरी को सजाया गया है।
प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने लगा है। वहीं, रामनवमी के दिन राम लाल भक्तों को 19 घंटे दर्शन देंगे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने केवल राम जन्मोत्सव के दिन यानी 17 अप्रैल को ही दर्शन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। राम जन्मोत्सव के दिन सुबह 3:30 बजे से ही भक्त दर्शन के लिए लाइन में लग सकेंगे। रात 11 बजे तक श्रृंगार, राग-भोग व दर्शन साथ-साथ चलते रहेंगे।
रामनवमी मेले में श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए तीर्थ क्षेत्र की ओर से बताया गया कि रामनवमी पर शयन आरती के बाद मंदिर निकास मार्ग पर प्रसाद मिलेगा। दर्शनार्थी अपना मोबाइल, जूता, चप्पल, बड़े बैग एवं प्रतिबंधित सामग्री आदि मंदिर से दूर सुरक्षित रखकर आएं। बताया कि वीआईपी दर्शन पर भी रोक एक दिन बढ़ा दी गई है अब 19 अप्रैल तक वीआईपी दर्शन पर रोक रहेगी। सुगम दर्शन पास, वीआईपी दर्शन पास, मंगला आरती पास, श्रृंगार आरती पास एवं शयन आरती पास नहीं बनेंगे।
राम नवमी के मौके पर अयोध्या में लगने वाले मेला और आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मिलकर तैयारी कर रहे हैं।
