यूपी: लोक सभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश का मैनपुरी जिला जिसे समाजवादी पार्टी का गढ़ कहा जाता है, यहां से अखिलेश यादव के बेहद करीबी नेता मनोज यादव ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है। मनोज यादव सपा के टिकट पर ब्लॉक प्रमुख भी रहे है।
देश की नामी कंस्ट्रक्शन कंपनियों में शामिल राज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मालिक और सपा नेता मनोज यादव ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बता दें कि मनोज यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। साथ ही दिसंबर 2022 में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी उन्होंने डिंपल यादव की मदद की थी। उनके इस्तीफे से अलग-अलग चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। मनोज यादव सपा के टिकट पर घिरोर से ब्लॉक प्रमुख भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं जिले की राजनीति में उनकी भूमिका भी काफी अहम मानी जाती है।
इस्तीफा देने के दौरान उन्होंने कहा कि सपा में पारिवारिक विवाद के साथ ही गुटबाजी बढ़ गई है। नेता एक दूसरे की टांग खींचने में लगे हुए हैं। इससे आहत होकर वे सपा का दामन छोड़ रहे हैं।
