जनपद महराजगंज में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की साइबर सेल टीम को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये की साइबर ठगी की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी दुर्गेश पटेल पुत्र देवीशरण, निवासी विद्यापति, के साथ साइबर ठगों ने विभिन्न तरीकों से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने कोतवाली साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैंकिंग चैनलों, तकनीकी जांच और संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। पुलिस टीम ने ठगी में प्रयुक्त खातों को फ्रीज कराया और पूरी धनराशि को रिकवर कर पीड़ित के खाते में वापस कराने में सफलता प्राप्त की।
इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और आम जनता की सुरक्षा के लिए लगातार सतर्क है।
