मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी दो साल का समय शेष बचा है लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने चुनाव शंखनाद कर दिया है। आज राजधानी के मिंटो हॉल में हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के वोटर शेयर को 10 फीसदी बढ़ाने पर चर्चा हुई है। कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि चुनाव तो हम जीतते ही हैं, लेकिन हमें अपना वोट शेयर बढ़ाना है।
इसलिए हमें अपना वोट शेयर 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ाकर 51 फीसदी से ऊपर ले जाना है और यही संकल्प लेकर आगे बढ़ना है। इसके लिए हमें लोगों के मन जीतना होगा, हमारी केंद्र और राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की जो योजनाएं शुरू की हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना होगा। हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। छल-कपट की राजनीति करने वालों को जवाब देना है और 2023 में जीत का इतिहास बनाना है।
