Hrithik Roshan Birthday: बॉलीवुड के हैंडसम हैंक ऋतिक रोशन की गिनती उन स्टार्स में होती है जो सबसे मंहगे और शाही घर में रहते हैं। वह आलीशान घर में रहते हैं और लाखों की गाड़ी में घूमते हैं। वह लग्जरी लाइफ जीते हैं। ऋतिक रोशन का आज जन्मदिन है। ऋतिक आज 48 साल के हो गए हैं। इस हैंडसम हीरो का पूरा नाम ऋतिक राकेश नागरथ है। ऋतिक के पिता राकेश रोशन अभिनेता और निर्देशक हैं। मशहूर संगीतकार रोशनलाल नागरथ उनके दादा हैं। ऋतिक की मां पिंकी रोशन निर्माता-निर्देशक जे. ओम प्रकाश की बेटी हैं।
साल 2000 में ऋतिक रोशन ने रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ (2000) से डेब्यू किया। राकेश रोशन इस फिल्म के निर्देशक थे। फिल्म में ऋतिक के अपोजिट अमीषा पटेल थीं। यह 2000 की सबसे बड़ी बॉलीवुड कमर्शियल सफलता प्राप्त करने वाली फिल्म बन गई और इस फिल्म ने सबसे ज्यादा अवॉर्ड बनाने का रिकॉर्ड बनाया। यह बॉलीवुड की पहली फिल्म थी जिसने 102 पुरस्कार जीते।
ऋतिक रोशन ने सक्सेसफुल बॉलीवुड डेब्यू के तुरंत बाद ही संजय खान की बेटी सुजैन खान से शादी कर ली थी। हालांकि अब दोनों का तलाक हो गया है। उन्होंने अपनी पत्नी सुजैन खान को तलाक के बाद 380 करोड़ दिए थे। दोनों का तलाक पूरी दुनिया के सबसे महंगे तलाकों में से एक है।
21 सालों में ऋतिक रोशन ने बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दीं। अपनी पहली फिल्म से कई अवॉर्ड्स जीतने वाले ऋतिक रोशन फोर्ब्स की लिस्ट में मोस्ट पॉपुलर शख्सियत रहे हैं। भले ही ऋतिक को अभिनय विरासत में मिली हो लेकिन इसके लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी है।