त्रिपुरा: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है l उन्होंने अपना इस्तीफा आज राज्य के गवर्नर एसएन आर्य को सौंप दिया है l अब बिप्लब कुमार देब के इस्तीफे के बाद अब भाजपा ने माणिक साहा नया मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है।
भाजपा विधायक दल की बैठक में माणिक साहा के नाम पर मुहर लगाई गई। मणिक साहा त्रिपुरा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं और राज्यसभा सांसद भी हैं। पार्टी ने चुनावों से ठीक एक साल पहले उन पर भरोसा जताते हुए ये अहम जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।
बिप्लब देब के इस्तीफे के बाद कई नामों की चर्चा चल रही थी, जिनमें माणिक साहा का नाम भी शामिल था। आखिरकार तमाम नेताओं ने साहा को ही विधायक दल का नेता चुना।इसके बाद वह जल्द शपथ लेकर सीएम का पद संभाल सकते हैं। मणिक साहा राजभवन के लिए निकल चुके हैं।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि माणिक साहा को त्रिपुरा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की बहुत-बहुत बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में त्रिपुरा विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।
