यूपी चुनाव 2022: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके नाम की घोषणा के बाद से ही सियासी माहौल गर्म है। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, ऐसे में सपा कार्यकर्ताओं को अखिलेश यादव के नामांकन का इंतजार है।

सोमवार को वह नामांकन दाखिल करने के लिए मैनपुरी आ रहे हैं। वह सीधे कलक्ट्रेट पर पहुंचकर नामांकन करेंगे। उनके साथ ही भोगांव और किशनी सीट से सपा प्रत्याशी भी नामांकन दाखिल करेंगे।  अखिलेश यादव के आने से सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं प्रशासन भी इसे लेकर अलर्ट मोड पर है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

जिले में तीसरे चरण में चुनाव प्रस्तावित है। 20 फरवरी को मतदाना होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को अखिलेश यादव का नामांकन कार्यक्रम प्रस्तावित है। नामांकन में अब केवल दो दिन का ही समय शेष है। इसके बाद भी भाजपा ने अब तक यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से ही चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में भाजपा यहां कोई मजबूत प्रत्याशी लाने का प्रयास कर रही है। खबरों के अनुसार अब तक भाजपा को सफलता हाथ नहीं लगी है। अगर 31 जनवरी तक कोई प्रत्याशी नहीं मिलता है तो पूर्व में चर्चा में रहे एक क्षेत्रीय नेता पर ही भाजपा अपना दांव खेलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *