भारत बंद: संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को कई राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन दिया है। किसानों द्वारा 27 सितंबर को ‘भारत बंद’ के आहवान को लेकर पूरे प्रदेश में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। बंद के दौरान जनता को कोई परेशानी न हो इसके लिए अधिकारियों को किसान संगठनों से बातचीत करने के लिए कहा गया है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि अधिकारियों से कहा गया है कि वह भारत बंद को देखते हुए भ्रमणशील रहें। जनता को किसी भी तरह की कोई परेशानी न होने पाए। उन्होंने बताया कि जिलों के पास पर्याप्त पुलिस बल है।
भारत बंद का समर्थन
किसानों के सोमवार को प्रस्तावित भारत बंद का समाजवादी पार्टी ने समर्थन किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के काले कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की ओर से किए भारत बंद के आह्वान का समाजवादी पार्टी पूरी तरह से समर्थन करती है। सरकार किसान विरोधी काले कानून को वापस ले l
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी भारत बंद का समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि जल्दबाजी में बनाए गए तीन कृषि कानूनों से नाराज किसान दस माह से आंदोलित हैं। उनके भारत बंद के शांतिपूर्ण आयोजन को बसपा समर्थन करेगी। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लेना चाहिए और किसानों से बातचीत कर नया कानून लाना चाहिए।
