यूपी : वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्रा ने गुरुवार को मुख्य सचिव का कार्यदभार लोकभवन स्थित कार्यालय में ग्रहण कर लिया है। नवनियुक्त मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने बृहस्पतिवार को इस मौके पर कहा कि प्रधनमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा की गई विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं को मूवमेंट के तौर पर पूरा कराने पर फोकस करेंगे। वह दफ्तर में बैठकर नहीं, बल्कि फील्ड में उतरकर काम करेंगे।
नए मुख्य सचिव कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने नए दायित्व के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने जिस विश्वास से मुझे अपने प्रदेश में दुबारा सेवा करने का मौका दिया है। उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मुख्य सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी, अमृत, पीएम स्वनिधी, स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं पर विशेष फोकस कर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीते सात वर्ष से विकास के लिहाज से देश मे परिवर्तन की लहर चल रही है। कार्यभार ग्रहण करने से पहले भारत के निर्वाचन आयोग के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए नवागत मुख्य सचिव कहा कि कोविड को लेकर निर्वाचन आयोग ने जो चिंता जताई है। उसे देखते हुए टीकाकरण को तेज करने के साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा। रात्रि कर्फ्यू की कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
दुर्गा शंकर मिश्रा 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। रिटायरमेंट से दो दिन पहले केंद्र सरकार ने प्रदेश के मुख्य सचिव के पद पर उनकी नियुक्ति को हरी झंडी दी है। उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार भी दिया गया है। मिश्रा की गिनती पीएम नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद अफसरों में होती है। मौजूदा मुख्य सचिव आरके तिवारी को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हटाकर भारत सरकार में शहरी विकास मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा को मुख्य सचिव बनाने का फैसला लिया गया।