हाई सिक्योरिटी नंबर: जिन व्यावसायिक वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर नहीं लगे होंगे एक अक्तूबर से उनका पांच हजार रुपये का चालान कटेगा। 30 सितंबर व्यावसायिक वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की अंतिम समय सीमा निर्धारित है। जिसमें महज एक दिन ही शेष रह गए हैं। लेकिन अभी तक सिर्फ 18500 व्यावसायिक वाहनों पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग सके हैं। जबकि, गोरखपुर जिले में लगभग 57959 व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हैं। ऐसे में लगभग 39 हजार व्यावसायिक वाहन अभी भी पुराने वाहन नंबर प्लेट पर चल रहे हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्याम लाल ने बताया कि एक अक्तूबर से परिवहन मुख्यालय की ओर से व्यावसायिक वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य हो जाएगी। बताया कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के बिना किसी भी वाहन के पंजीकरण और फिटनेस आदि से संबंधित कोई भी कार्य नहीं किए जा रहे हैं। सभी तरह के कार्यों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
निजी वाहनों का भी यही हाल
श्यामलाल ने बताया कि निजी वाहनों के लिए 15 नवंबर 2021 से नवंबर 2022 तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का समय निर्धारित है। जिले में 868452 निजी वाहन हैं। जिसमें अब तक करीब दो लाख वाहनों पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग सकी है।
निजी वाहनों के लिए निर्धारित समय
– जिन वाहनों के नंबर के अंत में 0 या 1 है, उस पर 15 नवंबर 2021 तक
– जिन वाहनों के नंबर के अंत में 2 या 3 है, उस पर 15 फरवरी 2022 तक
– जिन वाहनों के नंबर के अंत में 4 या 5 है, उस पर 15 मई 2022 तक
– जिन वाहनों के नंबर के अंत में 6 या 7 है, उस पर 15 अगस्त 2022 तक
– जिन वाहनों के नंबर के अंत में 8 या 9 है, उस पर 15 नवंबर 2022 तक