
महराजगंज। थाना बृजमनगंज क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को ग्राम झींगुरीजोत निवासी कन्हैया पुत्र प्रहलाद पर उनके पड़ोसियों ने पुरानी रंजिश के चलते लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना बृजमनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 40/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109, 191(2), 351(3), 352 और 115(2) में कुल छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों वीरेंद्र उर्फ मोनू पुत्र विदेशी, सुरेंद्र उर्फ सोनू पुत्र विदेशी तथा पानमति पत्नी विदेशी, सभी निवासी झींगुरीजोत थाना बृजमनगंज, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में नामजद अन्य आरोपी शीला और सूरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।