पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में सैकड़ों करोड़ के कोयला घोटाले की जांच की आंच अब तृणमूल कांग्रेस के एक और बाहुबली नेता तक पहुंच गई है। पश्चिम बंगाल में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कोयला तस्करी घोटाले की जांच के सिलसिले में गुरुवार को कैनिंग पूर्व से तृणमूल कांग्रेस विधायक शौकत मुल्ला को तलब किया है। एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा कि मुल्ला को शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे सीबीआई अधिकारियों के सामने पेश होने को कहा गया है।
अधिकारी ने कहा,”हमने उन्हें बुधवार को एक पत्र भेजा था, जिसमें उन्हें 27 मई की सुबह सीबीआई अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। उन्हें अपने साथ बैंक लेनदेन, पासबुक, पासपोर्ट, अन्य पहचान प्रमाण और अपने व्यवसाय से संबंधित कागजात लाने के लिए कहा गया है।”
उन्होंने कहा, “घोटाले में शामिल अन्य लोगों से पूछताछ के दौरान मुल्ला का नाम सामने आया।” सीबीआई के अनुसार, कोयला घोटाला पश्चिम वर्धमान जिले के आसनसोल में शुरू हुआ था और बाद में नदिया, पुरुलिया और दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग तक इसके तार जुड़ते चले गए। इस मामले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।