लोकसभा चुनाव: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों का एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। नेताओं का राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कांग्रेस व इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों पर जमकर हमला बोला। बुधवार को लखनऊ में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस व उसके सहयोगी दल दलितों और पिछड़ों को मिलने वाले आरक्षण को कम कर उनका हक मुसलमानों को देना चाहती है। वो आरक्षण का धार्मिक आधार पर बंटवारा करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस का एक ही मकसद है कि किसी भी तरह से सत्ता में आएं और अपना तालिबानी एजेंडा लागू करें। कांग्रेस ने पहले भी आरक्षण को छीनने का प्रयास किया था लेकिन व्यापक विरोध होने के कारण उन्हें अपने मंसूबों में सफलता नहीं मिली। रंगनाथ मिश्र कमेटी और सच्चर कमेटी के जरिए भी एससी एसटी का आरक्षण मुस्लिमों को देना चाहती थी इसीलिए कांग्रेस जातीय जनगणना करा रही है जिससे समाज का ताना बाना छिन्न भिन्न कर वर्ग विशेष को लाभ दे सके। कांग्रेस देश की कीमत पर सत्ता चाहती है। कांग्रेस तालिबानी कानून लागू करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद देश में तीन तलाक और शरिया कानून लागू करना है। यह आधी आबादी का अपमान तो है ही साथ ही उनके खतरनाक मंसूबे दिखाता है। कांग्रेस अपने उस पुराने डीएनए को दिखा रही है जिससे 1947 में देश का बंटवारा हुआ था। कांग्रेस और सहयोगियों के घोषणा पत्र के खतरनाक इरादे नजर आते हैं। कांग्रेस का गरीबी हटाओ का नारा नारा ही रह गया। उनकी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा के समाज के हर तबके का वोट मिल रहा है। दूसरे चरण में 89 सीटों पर मतदान है। वैश्विक मंच से लेकर आम जनता की अपेक्षाओं तक पर काम हुआ है। बिना भेदभाव के पहली बार सभी को योजनाओं का लाभ मिला है। देश के 80 करोड़ लोगों को राशन और 50 करोड़ लोगों को हेल्थ बीमा पहली बार मिला है। 18 चुनावों में पहली बार देश परिणाम को लेकर आश्वस्त है क्योंकि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर मोर्चे पर सर्वांगीण विकास के कार्य किए हैं जिसका लाभ सभी को मिला है।
