India

कॉमनवेल्थ गेम्स: कॉमनवेल्थ गेम्स भारत अब तक कुल 60 पदक जीता, भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने जीता स्वर्ण पदक

कॉमनवेल्थ गेम्स: कॉमनवेल्थ गेम्स का आज 11वां और आखिरी दिन है। भारत अब तक कुल 60 पदक जीत चुका है, जिसमें 22 गोल्ड, 15 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। सोमवार (आठ अगस्त) को खेलों के आखिरी दिन भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने देश की झोली में 19वां गोल्ड डाल दिया है।राष्ट्रमंडल खेलों में यह सिंधु का चौथा पदक है और महिला एकल में पहला स्वर्ण है।

उन्होंने फाइनल में कनाडा की मिशेल को 21-15, 21-13 से हराया। वह पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं। इससे पहले 2018 गोल्ड कोस्ट में उन्हें मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण मिला था। तब एकल में वह साइना नेहवाल के खिलाफ फाइनल हार गई थीं। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों मे भारत का बैडमिंटन में यह पहला स्वर्ण पदक हैं। भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। बैडमिंटन में सिंधु के बाद अब लक्ष्य सेन से पुरुष एकल में स्वर्ण की उम्मीद है।

पीवी सिंधु ने पहले गेम में शानदार शुरुआत की। उन्होंने 4-2 से बढ़त बना ली थी, लेकिन मिशेल ली ने तुरंत वापसी की और स्कोर को बराबरी पर ला दिया। उसके बाद दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले गेम में ब्रेक तक सिंधु 11-10 से आगे थीं। ब्रेक के बाद सिंधु ने तुरंत ही पांच अंकों की बढ़त हासिल कर ली। स्कोर 17-12 हो गया। मिशेल ली ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु लगातार आक्रामक शॉट लगा रही थीं। उन्होंने पहले गेम को 21-15 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में मिशेल ली ने पहला अंक हासिल किया। उसके बाद सिंधु ने वापसी की। उन्होंने अपनी ताकत का इस्तेमाल करके दो-तीन जबरदस्त स्मैश लगाए। ली के पास इसका कोई जवाब नहीं था। वह ब्रेक तक 11-6 से आगे हो गईं। इसके बाद सिंधु और ज्यादा आक्रामक हो गईं। उन्होंने ली को कोई मौका नहीं दिया और दूसरे गेम को 21-13 से अपने नाम कर लिया।

पीवी सिंधु ने 2016 ओलंपिक में रजत और 2020 ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। वहीं, विश्व चैंपियनशिप में वो छह पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 2019 में स्वर्ण, 2018 और 2017 में रजत और 2013-2014 में कांस्य पदक हासिल किया था। एशियाई खेलों में सिंधु ने 2018 में रजत और 2014 में महिला टीम के साथ कांस्य पदक जीता है। राष्ट्रमंडल खेलों में भी सिंधु के नाम एक रजत, एक कांस्य और मिक्स्ड टीम इवेंट में एक स्वर्ण पदक है। अब इसमें एकल स्पर्धा का स्वर्ण भी जुड़ चुका है।

Most Popular

To Top