कांग्रेस: देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इस पर काफी सवाल आ रहे है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से सोनिया गांधी पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन अब सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं की राय है कि 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए राहुल गांधी को अध्यक्ष पद संभालना चाहिए। हालांकि राहुल गांधी अपने फैसले पर कायम हैं और उन्होंने अध्यक्ष बनने से साफ इनकार कर दिया है। मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी स्वास्थ्य कारणों से फिर से अध्यक्ष बनने से इनकार किया है।
इसके बाद कांग्रेस पार्टी बड़े बदलाव की ओर अग्रसर है। दशकों बाद वह गैर गांधी को अध्यक्ष चुन सकती है। खबरों के अनुसार कांग्रेस की मौजूदा अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान के सीएम व वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत से अध्यक्ष बनने की पेशकश की है। हालांकि, गहलोत कई बार कह चुके हैं कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाया जाए। हाल ही में उन्होंने यह भी कह दिया था कि राहुल अध्यक्ष नहीं बने तो पार्टी में निराशा आएगी और कई लोग घर बैठ जाएंगे।
कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव 21 सितंबर तक होना है। इसका विस्तृत कार्यक्रम पार्टी जल्द जारी करने वाली है। इसी बीच, बताया गया है कि सोनिया गांधी ने राजस्थान के सीएम गहलोत से अपने आवास पर मुलाकात की। समझा जाता है कि इसमें उन्होंने गहलोत से पार्टी की बागडोर संभालने का आग्रह किया। सोनिया गांधी ने गहलोत से यह भी कहा कि वह खराब स्वास्थ्य के चलते पार्टी की जिम्मेदारी नहीं संभाल सकती।
हालांकि, गहलोत ने फिर दोहराया कि राहुल गांधी अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मत पसंद हैं। सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अहमदाबाद जाते वक्त दिल्ली एयरपोर्ट पर गहलोत ने कहा कि वह बार बार कह रहे हैं कि राहुल गांधी जी के अध्यक्ष बनने पर ही पार्टी का पुनर्गठन हो सकेगा। उनके अध्यक्ष बने बगैर नेता व कार्यकर्ता निराश हो जाएंगे। हम राहुल गांधी पर लगातार दबाव डालेंगे कि वे पार्टी अध्यक्ष का पद संभालें।
