देश में कोरोना: भारत में कोविड-19 के मामलों में तेजी से गिरावट हो रही है। नए मामले भी कम हो रहे हैं, वहीं सक्रिय यानी एक्टिव मामलों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। एक तरफ चीन के साथ पूरे यूरोप में कोरोना फिर से दस्तक दे रहा है तो भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या जिस रफ्तार से घट रही है उससे लग रहा है कि कुछ ही दिनों में देश से कोरोना महामारी की समाप्ति हो जाएगी।
भारत में यह वायरस दम तोड़ता नजर आ रहा है। दैनिक सकारात्मक दर भी और घटकर 0.24 फीसदी पर आ गई। बीते 24 घंटे में कोरोना के 1685 नए मामले मिले और 83 लोगों की मौत हो गई। लगातार घटते केस के चलते केंद्र सरकार ने राज्यों से 31 मार्च से सारी कोरोना पाबंदियां हटाने को कहा है। लेकिन जनता को मास्क व सुरक्षित शारीरिक दूरी बनाए रखने की सलाह जरूर दी गई है। फिलहाल देश में चौथी लहर की भी आशंका नहीं है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में सक्रिय मामलों की संख्या अब 21,530 रह गई है। यह कुल संक्रमितों की तुलना में 0.05 फीसदी है। वहीं दैनिक सकारात्मकता दर 0.24 फीसदी हो गई है। 83 और मौतों के साथ ही महामारी से कुल 5,16,755 लोगों की मौत हो चुकी है।