देश में कोरोना: भारत में कोविड-19 के मामलों में कभी तेजी से गिरावट हो रही है तो कभी मामले बढ़ जा रहे है। लम्बे समय के बाद एक बार फिर सक्रिय मामलों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। पिछले चार सप्ताहों इनमें बढ़ोतरी के बाद रविवार को समाप्त सप्ताह में इनमें करीब 20 फीसदी की गिरावट आई। दिल्ली-एनसीआर में भी संक्रमण कम हो रहा है।
इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 2203 नए केस मिले हैं। इसी दौरान 2550 लोग ठीक हुए और 27 लोगों ने दम तोड़ दिया। देश में सक्रिय केस की संख्या 17,317 है। साप्ताहिक कोविड दर 0.59 फीसदी है।
दिल्ली, हरियाणा व यूपी इन तीन राज्यों में मामले घटे, लेकिन अन्य राज्यों में बढ़े। महाराष्ट्र में साप्ताहिक संख्या 13 फीसदी बढ़कर 1,562 हो गई, जबकि केरल में 3,000 नए मामले दर्ज किए। यह गत सप्ताह 2,516 के मुकाबले अधिक है। उधर, गुजरात में इस सप्ताह 44 फीसदी ज्यादा, आंध्र प्रदेश में 44 फीसदी, मध्य प्रदेश में 31 फीसदी, बंगाल में 8 फीसदी केस बढ़े हैं। इन सभी राज्यों में कुल संक्रमितों की संख्या अब भी काफी कम है।