देश में कोरोना: देश में कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। भारत में कोविड-19 के मामलों में कभी तेजी से गिरावट हो रही है तो कभी मामले बढ़ जा रहे है। देश में बीते 24 घंटे में 2487 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, सक्रिय केस 404 घटकर 17,692 रह गए।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को अपडेट आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 13 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। रविवार को मिले 2487 नए केस के साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,31,21,599 हो गई है। इसी तरह 13 और मौतों के साथ कुल मृतक संख्या बढ़कर 5,24,214 हो गई।
सक्रिय केस की बात करें तो कुल मामलों की तुलना में यह 0.04 फीसदी है। राष्ट्रीय कोविड रिकवरी रेट 98.74 फीसदी है। देश में कोरोना की दैनिक सकारात्मकता दर 0.61 फीसदी तो साप्ताहिक दर 0.62 फीसदी है। महामारी को मात देने वालों की संख्या अब बढ़कर 4,25,79,693 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.22 फीसदी है। देश में जारी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 191.32 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है।