कोविड-19 : देश में कोरोना वायरस के दैनिक नए मामलों में लगातार उतार चढ़ाव जारी है, इसी बीच देश में कोरोना महामारी का प्रकोप तेजी से कम होता जा रहा है। संक्रमितों की संख्या में जहां भारी कमी हो रही हैं वहीं मृतकों का आंकड़ा भी तेजी से कम हो रहा है।
बीते 24 घंटे में कोरोना के 1109 नए मामले मिले हैं। बीते कुछ दिनों से नए संक्रमितों की संख्या लगातार घट रही थी, लेकिन शुक्रवार को यह फिर एक हजार के पार पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में मिले 1109 नए मामलों को मिलाकर देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,30,33,067 हो गई है। इसी दौरान 43 और लोगों ने महामारी के आगे दम तोड़ दिया। इसे मिलाकर देश में कुल मृतक संख्या 5,21,573 हो गई है।
बीते 24 घंटे में सक्रिय केस में 147 की गिरावट आई है। ये कुल केस के 0.03 फीसदी हैं। वहीं, महामारी से रिकवरी की दर 98.76 फीसदी है। दैनिक सकारात्मकता दर 0.24 फीसदी और साप्ताहिक 0.23 फीसदी है। महामारी को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 4,25,00,002 हो गई है।
