कोरोना टिकाकरण: कोरोना वायरस के खिलाफ भारत की लड़ाई अब और भी मजबूत हो गई है। क्योंकि देश में बुधवार से 12 वर्ष के बच्चों को भी टीका लगना शुरू हो जाएगा। 15 से 18 वर्ष के बच्चों को इसी वर्ष जनवरी से कोविड वैक्सीन की डोज दी जा रही है। बच्चों के लिए कोरोना टीकाकरण का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए यह बहुत राहत भरी खबर है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 12 से 14 साल के बच्चों को 16 मार्च से कोरोना का टीका लगाया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि, सभी अभिभावक बच्चों का वैक्सीनेशन जरूर करवाएं। इसके साथ ही प्रिकॉशन डोज को लेकर भी कुछ नियम बदले गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अब 60 साल से ऊपर का कोई भी व्यक्ति कोरोना वैक्सीन की तीसरी डोज ले सकता है। इसके लिए बनाई गईं अनिवार्यताओं को खत्म कर दिया गया है। दरअसल, पहले फ्रंट लाइन वर्कर और गंभीर बीमारियों से पीड़ित बुजुर्गों के लिए ही प्रिकॉशन डोज की अनुमति दी गई थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 12 से 14 साल तक के बच्चों को कार्बेवैक्स लगाई जानी है। इस वैक्सीन को बायोलॉजिकल ई कंपनी ने बनाया है। इसे बनाने में कम लागत वाले तरीकों का इस्तेमाल हुआ है। इसलिए यह सबसे सस्ती वैक्सीनों में से एक होगी। कार्बेवैक्स की भी दो खुराक लगवानी होगी।