कोरोना अपडेट: कोरोना संक्रमण एक बार फिर दुनिया में बहुत तेजी से अपना पांव पसार रहा है। भारत सहित दुनिया के कई देशों में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में अचानक वृद्धि रिपोर्ट की जा रही है। चीन में नवंबर में बढ़े संक्रमण के मामलों के बाद सिंगापुर और फिर भारत में भी हालात बिगड़ने की खबर है। शनिवार (23 दिसंबर) के आंकड़ों की बात करें तो देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों ने करीब आठ महीनों की रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में भारत में शनिवार को कोविड-19 के एक्टिव मामलों की संख्या 3,000 का आंकड़ा पार कर गई है। साथ ही पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 752 नए केस मिले हैं जो मई, 2023 के बाद एक दिन में मिलने वाले सबसे ज्यादा मामले हैं, साथ ही 24 घंटे में कोरोना से चार रोगियों की मौतें हुई हैं।
शुक्रवार को, भारत में 640 ताज़ा कोविड-19 संक्रमण और एक मौत दर्ज की गई। पिछले दिन एक्टिव केस 2,669 से बढ़कर 2,997 हो गए और शनिवार को यह आंकड़ा 3,420 हो गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 325 लोग कोविड-19 से ठीक हुए, जिससे ठीक होने वालों की कुल संख्या 4,44,71,212 हो गई।राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत दर्ज की गई है।
अपडेट किए गए मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 17 राज्यों में कोविड-19 के एक्टिव मामलों में बढ़ोत्तरी हो रही है, जिसमें केरल (266), कर्नाटक (70), महाराष्ट्र (15), तमिलनाडु (13) और गुजरात (12) जैसे राज्य शामिल हैं।
ठंड बढ़ने के साथ ही विभिन्न देशों में सांस संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। बीते एक महीने में दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामले 52 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। डब्लूएचओ ने बताया कि बीते महीने में दुनियाभर में कोरोना के कुल 8,50,000 नए मामले सामने आए हैं। कोविड-19 के बढ़ते मामलों में के लिए दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहे JN.1 वैरिएंट को प्रमुख कारण माना जा रहा है। अब तक हुए अध्ययनों में कोरोना के इस वैरिएंट को ओमिक्रॉन के पिछले वैरिएंट्स से मिलता-जुलता ही बताया गया है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं बल्कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
