दिल्ली: राजधानी दिल्ली में केजरीवाल सरकार हर घर को नल से 24 घंटे साफ पानी मुहैया कराने के लिए चंद्रावल में एक नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने जा रही है, करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा संयंत्र हर घर को नल से 24 घंटे निर्मल जल मुहैया करायेगा। यह संयंत्र एक साल में तैयार हो जाएगा।
इसकी क्षमता 477 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) पानी को ट्रीट करने की होगी। इससे 22 लाख लोगों की आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। जल मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को चंद्रावल में बनाए जा रहे संयंत्र का मुआयना किया। इस मौके पर जल मंत्री ने अधिकारियों से संयंत्र को उम्मीदों के अनुरूप बनाने और गुणवत्ता पूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चंद्रावल संयंत्र दिल्ली के सबसे आधुनिक संयंत्रों में से एक है। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली में पानी की मात्रा बढ़ जाएगी। इसकी खासियत यह होगी कि यह अमोनिया वाले पानी को भी साफ कर पाएगा। फिलहाल पुरानी टेक्नोलॉजी में लगाए गए संयंत्र अमोनिया युक्त पानी को साफ करने में असक्षम हैं, जिस कारण संयंत्र को बंद करना पड़ता है।
चंद्रावल में दो संयंत्र चल रहे हैं। इनमें से एक 35 एमजीडी का है, जिसे 1940 में बनाया गया था, जबकि दूसरा 55 एमजीडी का है और यह 1960 में बना था। दोनों संयंत्र काफी पुराने हो चुके हैं। इस कारण हरियाणा से आने वाले पानी में अधिक अमोनिया लेवल होने पर यह संयंत्र बंद करने की नौबत आ जाती है और जल आपूर्ति बाधित हो जाती है, लेकिन चंद्रावल में बनाए जा रहे आधुनिक संयंत्र के शुरू होने के बाद इसके बंद होने की समस्या का समाधान हो जाएगा।