दिल्ली में प्रदूषण: दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, बिहार में शीतलहर से लोग काफी परेशान हैं। हालांकि दिल्ली और नोएडा में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को घना कोहरा छाया हुआ है। इससे गाड़ी चलाने वालों को काफी परेशानी हो रही है। इसके साथ ही दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई है।
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। शुक्रवार सुबह इसका एक्यूआई 353 दर्ज किया गया। इस बीच दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान वाहनों को लाइट जलाकर रेंगते देखा गया। कुछ स्थानों पर लोग अलाव जलाकर ताप रहे थे।
मौसम विभाग की जानकाराी के अनुसार, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, बिहार और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।
शुक्रवार-शनिवार और रविवार (21, 22 और 23 जनवरी) को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, बिहार समेत उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। अगर बारिश होती है तो इससे ठंड और बढ़ सकती है।
