वाराणसी: अन्य जिलो की तरह वाराणसी में भी डेंगू का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी जिले में दस मरीज मिले। डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 100 के पार 105 पहुंच गया है। जबकि संदिग्ध मरीज 760 हैं। इधर, सरकारी और निजी अस्पतालों में डेंगू वार्ड भी मरीजों से भरे पड़े हैं। अब रविवार से डेंगू के मरीजों को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जाएगा।
यहीं पर वायरल फीवर के मरीज भी भर्ती किए जाएंगे। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ ही नगर निगम की टीम ने लंका, भगवानपुर, सिगरा में फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव कराया। सीएमओ ने भी अधिकारियों संग जिन जगहों पर मरीज मिले वहां का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम की ओर से 3500 क्लोरिन टैबलेट और 250 ओआरएस पैकेट का वितरण किया गया। साथ ही इन क्षेत्रों के स्कूलों में भी दवाओं का छिड़काव भी कराया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम के नोडल अधिकारियों द्वारा अपने वार्डों में भ्रमण करते हुये आम नागरिकों को डेंगू एवं मलेरिया रोगों से बचाव की जानकारी दी जा रही है।
दीनदयाल अस्पताल में भर्ती होंगे डेंगू, वायरल के मरीज
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि जिस तरह से मरीजों की संख्या मिलती जा रही है, इसके बाद दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया गया है। यहां जांच की भी व्यवस्था है। सीएमओ ने पांडेयपुर स्थित प्रेमचंद नगर कॉलोनी का निरीक्षण कर जायजा लिया।
डेंगू सहित अन्य संचारी रोग के रोकथाम के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त प्रणय सिंह के नेतृत्व में सारनाथ, खोजवां, सुसुवाहीं, सीरगोबर्धन, चितईपुर आदि क्षेत्रों में अभियान चलाकर एंटीलार्वा व कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया।
