देवरिया: उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा प्रत्याशी रविंद्र कुशवाहा के समर्थन में शुक्रवार को सलेमपुर के सेंट पाल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में एक जनसभा को सम्बोधित किया। डिप्टी सीएम ने भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा किया और कहा कि भाजपा जाति संप्रदाय से ऊपर उठकर कार्य करती है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि लड़ाई एक तरफ राम मंदिर बनवाने वाले राम भक्तों से है तो दूसरी तरफ कार सेवकों पर गोली चलवाने वाले लोगों के बीच है। तय आपको करना है कि आप किसकी तरफ रहेंगे। समाजवादी पार्टी की सरकार ने भक्तों पर गोलियां चलवाईं, जिससे अयोध्या नगरी खून से लाल हो गई थी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर बनाया गया, अब सरकार बनते ही मथुरा की बारी है। मथुरा में कृष्ण भगवान बांसुरी बजाकर इंतजार कर रहे हैं। आप मोदी जी के हाथों के मजबूत कीजिए। जल्द ही अदालत के माध्यम से भगवान कृष्ण पूरी दुनिया के सामने बांसुरी बजाते नजर आएंगे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ढाई महीने से रोज चुनाव प्रचार में जगह-जगह आप के बीच जाने का अवसर मिल रहा है। जनता का अपार स्नेह मिल रहा है। भीड़ बता रही है कि भाजपा प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत रही है।
