विधानसभा चुनाव: लोकसभा चुनाव 2024 के बीच यूपी में निर्वाचन आयोग पूरी तरह से एक्टिव मोड में हैं। विधानसभा चुनावों का एलान होने के बाद से ही उत्तर प्रदेश में निर्वाचन आयोग लगातार कार्रवाई कर रहा है। अवैध सामग्री की जब्ती के अलावा आचार संहिता उल्लंघन के मामलों में भी एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पांच मई तक 341.88 करोड़ रुपये की शराब, ड्रग्स, बहुमूल्य धातुएं व नकदी आदि जब्त किए गए। इसमें 33.83 करोड़ कैश, 48.90 करोड़ की शराब, 225.48 करोड़ की ड्रग्स, 21.93 करोड़ रुपये की बहुमूल्य धातुएं आदि जब्त की गईं।
अकेले पांच मई को 1.6 करोड़ की शराब, ड्रग्स व नकदी आदि जब्त की गई। साथ ही 8895 कारतूस, 3019 किलोग्राम विस्फोटक व 490 बम बरामद कर सीज किए गए हैं। प्रमुख जब्ती में सुल्तानपुर में 20 लाख रुपये, मऊ में 16.25 लाख, हरदोई में 15 लाख और सोनभद्र में 12.62 लाख रुपये की ड्रग्स पकड़ी गई।
बता दें कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए इन दिनों आदर्श आचार संहिता लागू है। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी लगातार जारी है।