लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र पुलिस चौकी इलाके के तेज किशन खेड़ा गांव में शुक्रवार रात तिलक समारोह में वर्चस्व और रंजिश में एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां बरसा दीं। ताबड़तोड़ फायरिंग में ब्लॉक प्रमुख समेत चार लोगों को गोलियां लगीं। गोली लगने से चार लोग गंभीर घायल हो गए जिनमें से एक की मौत हो गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लॉक प्रमुख की हालत गंभीर है। निजी अस्पताल में इलाज जारी है। अन्य दो की हालत खतरे से बाहर है। वारदात को अंजाम देने के हमलावर भाग निकले।
बता दें कि तेज किशन खेड़ा गांव में शुक्रवार को राम कुमार लोधी बेटे संदीप का तिलक समारोह था। समारोह में भाजपा के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख राम विलास रावत भी मौजूद थे। उनके साथ गांव के ही अनंत राम यादव उर्फ अमित (60), उनके भाई जयकरण यादव व अमित उर्फ छोटू भी थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वह समारोह स्थल से जैसे ही बाहर निकलने लगे तभी गांव के ही मोनू रावत, उसका भाई अखिलेश, रिंकू लोधी, बबलू लोधी, ज्ञानी लोधी और श्रीकृष्ण रावत आए और गाली गलौज करते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगें। राम विलास, जयकरण, अनंत राम और छोटू को गोलियां लगीं। आनन-फानन में उनको अस्पताल पहुंचाया। जहां अनंत राम की मौत हो गई। राम विलास की हालत बेहद गंभीर है। उनके पेट व कमर में गोलियां लगी हैं। मृतक अनंत राम के भाई जयकरण के सिर में बाएं तरफ गोली छूते हुए निकल गई। वह बाल बाल बच गए। वहीं घायल छोटू के हाथ में गोली लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उनको अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। मृतक अनंत के परिवार में उनकी पत्नी दयावती, तीन बेटे रंजीत, फूलचंद, रामबाबू व बेटी कोमल है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल से एक तमंचा बरामद हुआ है। कई खोखे व कारतूस बरामद हुए हैं। फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। रात में गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस की पांच टीमें उनकी तलाश में लगाई गई हैं।
