केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के प्रदर्शन के एक साल पूरा होने के मौके पर शुक्रवार को दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित गाजीपुर में ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में किसान पहुंचने लगे हैं। इनमें से कई लोग अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सब्जियां, आटे और दाल के बोरे, मसाले और खाना पकाने का तेल साथ लाए हैं।
इन किसानों का कहना है कि वे लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक प्रभावशाली किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन पिछले साल नवंबर से गाजीपुर सीमा पर मोर्चा संभाल रहा है। भाकियू, संयुक्त किसान मोर्चा का हिस्सा है। किसानों का यह समूह तीन विवादास्पद कृषि कानूनों को वापस लेने और फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी के लिए प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहा है।
