अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक बार फिर गोलीकांड हुआ। इस गोलीकांड से कैंपस में हड़कंप और दहशत का माहौल पैदा हो गया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की मेडिकल कॉलोनी में मामूली विवाद के बाद रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात कर्मचारियों पर फायरिंग हुई है। गोली लगने से दोनों कर्मचारी घायल हो गए हैं। घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं। साथ ही घटना की जानकारी में जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन इलाके में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की मेडिकल कॉलोनी में एएमयू रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात दो सगे भाइयों मोहम्मद नदीम, मोहम्मद करीम पर बुधवार सुबह 9:30 बजे मेडिकल कॉलोनी में हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने पर दोनों सगे भाई घायल हो गए। एएमयू की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात मोबाइलिंग टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। दोनों भाई एएमयू की मेडिकल कॉलोनी में ही रहने वाले हैं।
एएमयू प्रशासन और पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
