परमबीर सिंह को झटका: महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह, पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपये की अवैध वसूली कराने का आरोप लगाने के बाद से फरार चल रहे थे अब इस मामले में नया खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त व आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह को गुरुवार को सस्पेंड कर दिया।
इससे पहले मुंबई की एक कोर्ट ने उन्हें फरार अपराधी घोषित करने का आदेश निरस्त कर राहत दी थी, लेकिन इसके बाद उन्हें निलंबन का झटका भी लग गया। निलंबन आदेश में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सिंह पर ‘अनियमितता व खामियों’ का आरोप लगाया गया है।
अवैध वसूली मामले में सिंह के खिलाफ मुंबई व अन्य जगह केस दर्ज किए गए हैं। इसे लेकर वह कई दिनों तक सामने नहीं आए थे। वह पूछताछ के लिए समन जारी करने पर भी पेश नहीं हुए थे। यहां तक कि उनके खिलाफ गैर जमानती व जमानती वारंट जारी किए जा चुके थे।
मुंबई पुलिस के आवेदन पर कोर्ट ने 17 नवंबर को उन्हें फरार अपराधी घोषित किया था। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से राहत प्रदान की है। इसके बाद गुरुवार को मुंबई की एक विशेष कोर्ट ने परमबीर सिंह को फरार घोषित करने का वाला आदेश निरस्त कर दिया।
