यूपी: मुरादाबाद में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डीपी यादव ने शनिवार सुबह खुद को गोली से उड़ा लिया है। घटना मझोला थाना क्षेत्र में बुद्धि विहार स्थित घर के अंदर हुई है। इस अनहोनी से परिजनों में कोहराम मचा गया है। घटनास्थल पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फॉरेंसिंक टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। उनके अचानक उठाए गए इस कदम से सभी कार्यकर्ता हैरान हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह अपने मकान के दूसरे मंजिल पर सोए थे। जब सुबह वह नहीं उठे तो मामला सामने आया।
मुरादाबाद से सांसद डॉ. एसटी हसन का टिकट कटने के बाद सपा में चल रही खींचतान के बीच मतदान से कुछ दिन पहले जिलाध्यक्ष डीपी यादव को पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह पूर्व जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। उस समय सपा प्रत्याशी से दूरी बनाना डीपी यादव को पद से हटाने की वजह बताई गई। कुछ समय पहले ही उन्हें उनके पद से हटाया गया था। फिलहाल अधिकारियों के अनुसार कारणों का पता लगाया जा रहा है। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अवाक हैं। जानकारी पाकर जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव व उनके भाई विजयवीर सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता के अलावा आसपास के लोग बुद्ध विहार स्थित आवास पर पहुंच रहे हैं।
