Sport

गांगुली व कोहली: कोहली को लेकर गांगुली का बड़ा बयान, पिछला कुछ समय उनके लिए कठिन रहा पर जल्द होगी वापसी

गांगुली व कोहली: इन दिनों भारत के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए पिछले कुछ साल अच्छे नहीं रहे हैं। पिछले ढाई साल में वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं। फैन्स को उनके शतक का बेसब्री से इंतजार है। वह रन बनाने के लिए जूझते दिखे हैं। हर मैच में वह नए-नए तरीके से आउट होते दिखे हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही विराट बल्ले से कमाल दिखाएंगे। गांगुली ने लंदन में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा-अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट कोहली ने खूब रन बनाए हैं। उनके आंकड़े खुद ही जवाब देते हैं। यह बिना क्षमता और गुणवत्ता के नहीं हो सकता। विराट भारत के लिए एक महान खिलाड़ी रहे हैं।

गांगुली ने कहा-पिछला कुछ समय उनके लिए कठिन रहा है, विराट खुद जानते हैं कि पिछले कुछ समय से वह रन नहीं बना पाए हैं, जो कि उनका स्टैंडर्ड नहीं है। मैं जानता हूँ वह जल्द ही अपने फॉर्म में होंगे और वह जरूर फिर से रन बनाएंगे। फिर से फॉर्म में वापसी के लिए विराट को एक ऐसा रास्ता खोजना होगा जो उन्हें सफल बना सके, जैसा कि वह पिछले 12-13 वर्षों से करते रहे हैं। केवल विराट कोहली ही ऐसा कर सकते हैं।

गांगुली ने कहा- खेल में ये चीजें होंगी। यह पिछले कई महान क्रिकेटरों के साथ भी हुआ है। चाहे वह सचिन तेंदुलकर हों, राहुल द्रविड़ हों या मैं, सब ऐसे दौर से गुजर चुके हैं। यह भविष्य में कई और खिलाड़ियों के साथ भी निश्चित तौर पर होगा। यह खेल का हिस्सा है। एक खिलाड़ी के तौर पर इन सबके बारे में नहीं सोचना है और अपना स्वभाविक खेल खेलते रहना है।

Most Popular

To Top