गोवा विधानसभा चुनाव 2022: अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के दो अन्य नेताओं ने भी हाल ही में राज्य में विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अलेक्सो रेजिनाल्डो लोरेंको ने सोमवार को विधानसभा सदस्य के रूप में इस्तीफा दे दिया, जिससे 40 विधानसभा सीटों में पार्टी की संख्या घटकर दो रह गई। लोरेंके के इस्तीफा देने के बाद अब 40 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के पास सिर्फ दो विधायक रह गए हैं।
कांग्रेस ने पिछले सप्ताह आगामी राज्य चुनावों के लिए आठ उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची घोषित की थी और इसमें लोरेंको का नाम भी शामिल था। दक्षिण गोवा जिले में कर्टोरिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले लोरेंको ने सोमवार दोपहर विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंप दिया।
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष लोरेंको ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं दी है। सूत्रों के मुताबिक, वह जल्द ही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) में शामिल हो सकते हैं।
इस महीने की शुरुआत में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक ने कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। कुछ महीने पहले पूर्व मुख्यमंत्री लुइजिन्हो फलेरियो ने भी कांग्रेस छोड़ दी थी और टीएमसी में शामिल हो गए थे। 2017 गोवा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं और सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। लेकिन 13 सीटें हासिल करने वाली भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने के लिए कुछ क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ गठजोड़ करते हुए सरकार बना ली।
